गिरिडीह: पचम्बा थाना परिसर में गुरुवार देर रात नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी के मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाना पहुंचे भाजपा और आजसू नेताओं की दूसरे पक्ष के लोगों से तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़कर धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति तक पहुंच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीभांजना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग छात्रा अपनी मां के साथ कथित छेड़खानी की शिकायत लेकर पचम्बा थाना पहुंची थी। छात्रा के समर्थन में भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव कुमार गुड्डू समेत कई लोग थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
इसी दौरान वार्ड पार्षद मोहम्मद लालो राइन भी अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंच गए। बताया जा रहा है कि छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों में नामजद युवक लालो राइन का रिश्तेदार है। इसके बाद थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पचम्बा पुलिस ने हस्तक्षेप किया। भीड़ को नियंत्रित करने और थाना परिसर में स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस ने लोगों को बाहर किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव, आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई नेता और कार्यकर्ता पचम्बा थाना पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। नाबालिग छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।