गिरिडीह: चित्तरडीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात करीब एक बजे दो वाहनों के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, अभ्रक लदा 407 वाहन पचंबा की ओर जा रहा था, जबकि सामने से कोयला लदा ट्रक जमुआ की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
अभ्रक लदे वाहन के परिचालन पर उठे सवाल
घटना के बाद अभ्रक लदे 407 वाहन को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय मुख्य मार्ग से अभ्रक का परिवहन किस अनुमति और दस्तावेज के आधार पर किया जा रहा था, इसकी जांच होनी चाहिए।
हालांकि, वाहन में लदा अभ्रक वैध था या अवैध, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा वाहन, अभ्रक के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्ती के बावजूद ऐसे वाहनों के परिचालन पर भी सवाल उठाया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच के बाद ही अभ्रक के परिवहन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।