गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के दो छात्र पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। गुरुवार को मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. चंद्र भूषण शर्मा कॉलेज पहुंचे और भूख हड़ताल कर रहे छात्रों समेत अन्य छात्र नेताओं से वार्ता की। हालांकि, कई दौर की बातचीत के बाद भी मांगों को लेकर सहमति नहीं बन सकी।

भूख हड़ताल कर रहे छात्रों ने कुलपति के समक्ष कहा कि उनकी कई मांगों को विश्वविद्यालय स्तर पर स्वीकार किया जा चुका है, लेकिन कॉलेज के प्राचार्य को जांच पूरी होने तक पद से हटाने की मांग पर अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ है।

छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांग पूरी नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। एबीवीपी छात्र नेता रौशन सिंह ने कहा कि सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

कुलपति डॉ. चंद्र भूषण शर्मा ने छात्रों से स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छुट्टी के दिनों में भी विश्वविद्यालय खोलकर जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा और अधिकतम 14 दिनों के भीतर जांच पूरी कर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल की ओर से गठित जांच कमेटी की प्रक्रिया के अनुसार ही आगे की कार्रवाई होगी।
छात्र मोर्चा ने बंद किया कॉलेज गेट
इधर, झारखंड छात्र मोर्चा के नेताओं ने भी कुलपति से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर वार्ता का प्रयास किया। वार्ता नहीं होने से नाराज छात्र नेताओं ने कॉलेज का गेट बंद कर दिया। मोर्चा की ओर से कॉलेज की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाई गईं और शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई।
छात्र संगठनों के लगातार आंदोलन के कारण गिरिडीह कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अब विश्वविद्यालय की जांच प्रक्रिया और छात्र संगठनों की मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर है।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।