आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर गांडेय विधायक कल्पना सोरेन एवं उपायुक्त ने सेनादोनी तालाब एवं लेदा छठ घाट का किया निरीक्षण, दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश…

Pintu Kumar
4 Min Read
Share This News
WhatsApp Channel Join Now

गिरिडीह:- आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर माननीय विधायक गांडेय, श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन एवं उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, गिरिडीह, श्री रामनिवास यादव ने सेनादोनी ग्राम स्थित तालाब एवं लेदा स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया।

इस दौरान छठ महापर्व के अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता तथा घाटों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में चर्चा की गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त, श्रीमती स्मृता कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 

इस अवसर पर माननीय विधायक, श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, श्रद्धा एवं पवित्रता का प्रतीक है। इस महापर्व में छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षित आवागमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें। उन्होंने पर्व के दौरान स्वच्छता एवं जनसहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान माननीय विधायक, श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन ने स्थानीय आमजनों से रूबरू होकर उनसे सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक पहल की। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया गया। वहीं, जिन मामलों का निराकरण मौके पर संभव नहीं हो सका, उन्हें आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष अग्रसारित किया गया। माननीय विधायक ने जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

वहीं उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री रामनिवास यादव ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित पहुंच मार्ग तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित आकलन किया जाए तथा कमियों को चिह्नित कर उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने व्यवस्थाओं के प्रति संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि पर्व के दौरान आमजनों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित सभी आवश्यक पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। 

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *