गिरिडीह:- झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 का सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री रामनिवास यादव ने संबंधित अधिकारियों, दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा परीक्षा संबंधी सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 1 नवंबर 2026 (रविवार) को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2:00 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित है।
उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने निर्देश दिया है कि परीक्षा का संचालन पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता के साथ करें तथा परीक्षा केंद्रों पर विभागीय दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप जांच करने तथा प्रतिबंधित सामग्रियों को परीक्षा कक्ष में ले जाने से रोकने का निर्देश दिया है। मोबाइल फोन, स्मार्ट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के निर्धारित नियमों के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा।
उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, प्रतिनियुक्त कर्मियों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा का संचालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सतर्कता बरतने, आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी सहित सभी केंद्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
