दुर्गापूजा को लेकर जमुआ व हीरोडीह थाना में शांति समिति की बैठक,अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई…

Share This News

जमुआ/गिरिडीह। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को जमुआ और हीरोडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जमुआ थाना में बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अमल कुमार ने की, जबकि संचालन पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास ने किया। 

वहीं हीरोडीह थाना में बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी महेश चंद्र ने की।

बैठकों में पूजा समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, जुलूस मार्ग, भीड़ नियंत्रण, बिजली, साफ-सफाई और विसर्जन व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 बीडीओ अमल कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की। पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने को कहा।

Advertisement

पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास ने कहा कि पूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जुलूस एवं विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण में पूजा समितियों के सदस्यों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।

जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने कहा कि शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों पर निगरानी रहेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील की गई।

वहीं हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र ने पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों के प्रसार पर रोक लगाने, अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने तथा चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। पूजा पंडालों एवं कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल की तैनाती पर भी चर्चा हुई। उन्होंने मनचले युवकों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में डीजे के निर्धारित नियमों के अनुसार उपयोग करने और अश्लील गानों पर पूर्ण रोक रखने की बात कही गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने, अफवाह फैलाने, भ्रामक खबर प्रसारित करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में दोनों थाना क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।