गिरिडीह:- ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY 2.0) के अंतर्गत प्रखंड परिसर, बेंगाबाद में प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री रामनिवास यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक झारखंडी माला, टोपी एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
युवाओं को कौशलयुक्त बनाकर रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता:- उपायुक्त…
इस अवसर पर उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा एवं क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें उचित मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के उपयुक्त अवसर उपलब्ध कराने की। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना जैसी पहल युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला केवल नौकरी उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भरता, आर्थिक सशक्तीकरण एवं बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। युवाओं को चाहिए कि वे ऐसे अवसरों का लाभ उठाएं, अपने कौशल एवं योग्यता को विकसित करें तथा उपलब्ध रोजगार के अवसरों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखें। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं योजना से जुड़े कर्मियों को निर्देशित किया कि रोजगारपरक योजनाओं का लाभ अधिकाधिक योग्य युवक-युवतियों तक पहुंचाया जाए तथा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं नियोजन से जोड़ने की दिशा में प्रभावी प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।
चार प्रखंडों के युवक-युवतियों ने लिया भाग, 185 अभ्यर्थियों का चयन…
आयोजित रोजगार मेले में बेंगाबाद, गिरिडीह सदर, पीरटांड़ एवं गांडेय प्रखंड के बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में विभिन्न नियोजकों एवं रोजगार प्रदाताओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। इस दौरान 1015 से अधिक युवक-युवतियों ने निबंधन कराया, जबकि 185 अभ्यर्थियों का विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए चयन किया गया। रोजगार मेले में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं कौशल विकास के प्रति बढ़ती जागरूकता को भी दर्शाती है।
जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति…
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख, श्रीमती मीना देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष श्री नुनुराम किस्कू, सांसद प्रतिनिधि श्री शिवपूजन राम, श्री रामप्रसाद यादव, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष श्री सुनील यादव, श्री महेंद्र वर्मा एवं जिला परिषद सदस्य, श्री केदार हाजरा उपस्थित रहे। वहीं अतिथि के रूप में जिला कार्यक्रम प्रबंधक, गिरिडीह श्री जेवियर एक्का, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री सुनील कुमार मुर्मू, अंचल अधिकारी श्री सफी आलम, जिला प्रबंधक श्री आदित्य कुमार एवं श्री राकेश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला प्रबंधक, श्रीमती स्मिता एक्का द्वारा किया गया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री पंकज कुमार वर्मा, एहसान, प्रमोद, सुदीप, बसंती, राजेश, रंजीत, नीलम, संगीता, रूबी, लक्ष्मी, बबीता, निशा समेत अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।