गिरिडीह। झारखंड में जमीन की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री और भूमि संबंधी कानूनी प्रक्रियाओं को सरल बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई विशेष पुस्तक ‘The Land Manual of Jharkhand’ का लोकार्पण 11 नवंबर 2026 को गिरिडीह में किया जाएगा। इस पुस्तक के लेखक जमुआ प्रखंड निवासी सलेंद्र कुमार वर्मा हैं। लोकार्पण समारोह सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोडरमा सांसद प्रतिनिधि सह पूर्व गांडेय विधायक जयप्रकाश वर्मा मौजूद रहेंगे। इसके अलावा जमुआ विधायक के साथ कई जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।
20 अध्यायों में समेटी गई है भूमि कानूनों की जानकारी
झारखंड में जमीन की खरीद-बिक्री के दौरान आम लोगों को कानूनी प्रक्रियाओं, आवश्यक दस्तावेजों, खतियान, म्यूटेशन और रजिस्ट्री से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सलेंद्र कुमार वर्मा ने लगभग 20 अध्यायों में इस पुस्तक को तैयार किया है। इसका उद्देश्य भूमि संबंधी जटिल कानूनी जानकारियों को सरल और व्यावहारिक भाषा में आम लोगों तक पहुंचाना है।
पुस्तक में झारखंड के प्रमुख भूमि कानूनों, विशेष रूप से CNT एक्ट, SPT एक्ट और लैंड सीलिंग एक्ट की विस्तृत जानकारी दी गई है। इसके अलावा 1932 के कैडस्ट्रल खतियान और रिवीजनल खतियान का तुलनात्मक अध्ययन, जमीन की रजिस्ट्री, दानपत्र, वसीयतनामा और म्यूटेशन की प्रक्रिया को भी समझाया गया है।
झारभूमि और परिशोधन पोर्टल की भी मिलेगी जानकारी
पुस्तक में झारभूमि और परिशोधन पोर्टल के इस्तेमाल की चरणबद्ध जानकारी भी शामिल की गई है। इसके साथ भूमि दस्तावेजों की पहचान, कानूनी प्रक्रियाओं, जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित निवेश के अवसरों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया है।
लेखक का उद्देश्य है कि भूमि संबंधी कानूनी जानकारी के अभाव में आम लोगों को जमीन की खरीद-बिक्री के दौरान धोखाधड़ी और विवादों का सामना नहीं करना पड़े। यह पुस्तक जमीन खरीदारों, निवेशकों, अधिवक्ताओं, अमीनों, रियल एस्टेट कारोबारियों और डिजिटल सेवा केंद्र संचालकों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका साबित हो सकती है।
लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समारोह में अतिथियों का स्वागत, पुस्तक परिचय, पुस्तक का लोकार्पण, मुख्य अतिथि का संबोधन, विशेष अतिथियों के विचार, सवाल-जवाब सत्र और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में चाय एवं अल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
‘The Land Manual of Jharkhand’ का उपशीर्षक ‘झारखंड में भूमि खरीद-बिक्री का पूर्ण मार्गदर्शक’ रखा गया है। पुस्तक के माध्यम से लेखक सलेंद्र कुमार वर्मा ने झारखंड की भूमि व्यवस्था और कानूनी प्रक्रियाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।