जमीन विवादों से बचने में मददगार बनेगी ‘द लैंड मैन्युअल ऑफ झारखंड’, कुशवाहा भवन में समारोहपूर्वक हुआ विमोचन….

Share This News

गिरिडीह। शहर के कुशवाहा भवन स्थित सभागार में बुधवार को ‘द लैंड मैन्युअल ऑफ झारखंड’ पुस्तक का समारोहपूर्वक विमोचन किया गया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा ने पुस्तक का लोकार्पण किया।

दीप प्रज्वलित करते अतिथि…

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकें अनादि काल से समाज का मार्गदर्शन करती आ रही हैं। ये ज्ञान का अथाह भंडार होने के साथ-साथ जीवन को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम भी हैं।

प्रो.जय प्रकाश वर्मा ,पूर्व विधायक गांडेय

 पुस्तकों के अध्ययन से मिलती है जीवन को सही दिशा

प्रो. जयप्रकाश वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में लोगों के बीच पुस्तकें पढ़ने की प्रवृत्ति कम होती जा रही है, जो चिंता का विषय है। पुस्तकों से दूरी बनाने का असर सामाजिक जीवन पर भी पड़ रहा है। ज्ञान और समझ के अभाव में समाज कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने लोगों से पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करने और उनसे प्राप्त ज्ञान को जीवन में उतारने की अपील की।

 जमीन विवादों की जानकारी के अभाव में बढ़ रही मुकदमेबाजी

कार्यक्रम में साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता एसके द्विवेदी ने कहा कि झारखंड में जमीन से जुड़े विवाद लगातार बढ़ रहे हैं। भूमि कानूनों और राजस्व संबंधी प्रावधानों की समुचित जानकारी नहीं होने के कारण छोटे-छोटे विवाद भी गंभीर रूप ले लेते हैं। कई बार मामूली जमीन विवाद आपसी संबंधों में दुश्मनी और सामाजिक तनाव का कारण बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को भूमि कानूनों की सरल जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में यह पुस्तक महत्वपूर्ण पहल है।

लेखक ,शैलेंद्र कुमार वर्मा ,पुस्तक की महत्त्व पर दिया जोर…

20 अध्यायों में समेटी गई है भूमि कानूनों की जानकारी

पुस्तक के लेखक एवं आयोजक शैलेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि झारखंड में जमीन विवादों और मुकदमेबाजी के कारण लोगों का समय, धन और ऊर्जा बर्बाद हो रही है। कई परिवार पीढ़ियों तक जमीन के झगड़ों और अदालती प्रक्रियाओं में उलझे रहते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस पुस्तक को तैयार किया है।

पुस्तक में लगभग 20 अध्यायों के माध्यम से झारखंड के भूमि कानूनों और जमीन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल एवं व्यावहारिक भाषा में समझाने का प्रयास किया गया है। इसमें CNT एक्ट, SPT एक्ट, लैंड सीलिंग एक्ट, खतियान, जमीन की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री, दानपत्र, वसीयतनामा और म्यूटेशन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा झारभूमि एवं परिशोधन पोर्टल के उपयोग और भूमि दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई है।

 

फ्लिपकार्ट और अमेजन पर भी उपलब्ध है पुस्तक

आयोजकों ने बताया कि ‘द लैंड मैन्युअल ऑफ झारखंड’ पुस्तक ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन भी उपलब्ध है। जो पाठक घर बैठे पुस्तक प्राप्त करना चाहते हैं, वे प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट और अमेजन के माध्यम से इसकी ऑनलाइन खरीदारी कर सकते हैं। इस पहल से झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले पाठकों तक भी पुस्तक आसानी से पहुंच सकेगी।

आम लोगों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका होगी पुस्तक

लेखक ने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक जमीन खरीदने-बेचने वाले लोगों, जमीन मालिकों, निवेशकों, अधिवक्ताओं, अमीनों और राजस्व संबंधी कार्यों से जुड़े लोगों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगी। इसका मुख्य उद्देश्य भूमि कानूनों की जानकारी के अभाव में होने वाले विवादों को कम करना तथा आम लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

 

शिक्षा और जागरूकता से ही होगा समाज का विकास

समाजसेवी ओमप्रकाश महतो ने कहा कि समाज के विकास और जागरूकता के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से ही लोग अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझ सकते हैं। उन्होंने पुस्तक लेखन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोग…

समारोह में मिथिलेश राय, केदार प्रसाद, बबलू वर्मा, राजन कुमार, दीपक प्रसाद, उज्ज्वल कुमार वर्मा, विशाल, कृष्ण, अभिमन्यु कुमार, निगम वर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।