रांची के खेलगांव स्थित हॉल-बी में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में गिरिडीह जिले का स्टॉल आगंतुकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल पर बड़ी संख्या में पहुंच रहे आगंतुक जिले के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, महिला उद्यमिता एवं पर्यटन स्थलों से जुड़ी जानकारियों में गहरी रुचि दिखा रहे हैं।
स्टॉल पर गांडेय दस्तकार की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के आकर्षक जूट बैग विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन बैगों पर भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर एवं गिरिडीह के प्रमुख दर्शनीय स्थलों की आकर्षक छवियां उकेरी गई हैं, जो आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं। इसके साथ ही गिरिडीह में उत्पादित मकई के आटे सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया है। आगंतुक इन उत्पादों की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं विशेषताओं की जानकारी लेने के साथ-साथ इनकी खरीदारी भी कर रहे हैं।

गिरिडीह जिले में उत्पादित सरिया, जिसका उपयोग देशभर के लाखों घरों के निर्माण में किया जा रहा है, भी आगंतुकों के बीच उत्सुकता का विषय बना हुआ है। वहीं, गांडेय दस्तकार द्वारा निर्मित पर्यावरण अनुकूल जूट उत्पाद प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा टिकाऊ एवं पर्यावरण हितैषी विकल्पों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल को प्रदर्शित कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से स्थानीय महिलाओं की कारीगरी, कौशल विकास और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
वहीं, स्टॉल पर लगाई गई एलईडी स्क्रीन के माध्यम से *’वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’* पहल के अंतर्गत गिरिडीह के प्रसिद्ध खंडोली डैम पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है। वीडियो में खंडोली डैम की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता एवं पर्यटन की संभावनाओं को दर्शाया गया है। आगंतुक इस वीडियो फिल्म को उत्सुकता के साथ देख रहे हैं और गिरिडीह के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से एक ओर जहां गिरिडीह के स्थानीय उत्पादों, कारीगरों एवं उद्यमियों को व्यापक बाजार और नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को राज्य स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जा रहा है। साथ ही, स्थानीय महिला उद्यमिता और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं स्टॉल के समन्वय में जिला खेल पदाधिकारी श्री अर्जुन बारला, डीपीएम (जेएसएलपीएस) श्री जेवियर इक्का, जिला खेल समन्वयक श्री अमन कुमार, गांडेय दस्तकार के संचालनकर्ता एवं परियोजना प्रबंधक श्री शशांक शेखर तथा पूजा कुमारी, गांडेय दस्तकार की महिला कारीगर श्रीमती आशा कुमारी एवं श्रीमती ललिता देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
