गिरिडीह — राधास्वामी संगठन द्वारा सोमवार को सामाजिक उत्थान की दिशा में एक साथ कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। आवास योजना के तहत दो लाभुकों के लिए घर निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया, दो जरूरतमंद बेटियों को विवाह सामग्री प्रदान की गई और संगठन के नवीनतम जिला सह प्रदेश कार्यालय का भव्य उद्घाटन भी संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार सिन्हा एवं गिरिडीह जिला प्रभारी श्रीमती अनीशा सिन्हा ने की। इस योजना के तहत जिन लाभुकों को आवास का लाभ दिया गया है, उनमें करहरबारी के महेशलुंडी निवासी मनोज ठाकुर और पचंबा प्रखंड के पिंडाटांड़ निवासी श्रीमती संतरा देवी शामिल हैं। श्री सिन्हा ने जानकारी दी कि नवंबर 2025 तक दोनों आवासों का निर्माण पूर्ण कर लाभुकों को चाबी सौंपी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व भी दो आवासों का निर्माण कर लाभुकों को सौंपा जा चुका है।
जिला प्रभारी अनीशा सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में गिरिडीह जिले में कुल 10 आवासों का निर्माण किया जाना है, जिसमें इन दो आवासों को शामिल किया गया है। निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा।
इसी अवसर पर संगठन के नवीन जिला सह प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। संगठन का यह कार्यालय अब लगभग 7000 वर्गफुट क्षेत्रफल में तैयार है। प्रारंभ में यह कार्यालय एक छोटे से किराए के कमरे में संचालित होता था।
संगठन की सामाजिक सेवा योजनाओं के तहत आज दो जरूरतमंद बेटियों—भेलवाघाटी निवासी गंगिया देवी एवं महेशलुंडी निवासी सुंदरी देवी—को विवाह सामग्री प्रदान की गई। सामग्री में पलंग, सोफा, अलमीरा, फ्रिज, ड्रेसिंग टेबल, गद्दा, तकिया, सिलाई मशीन, कूलर, पंखा, कुकर, दीवाल घड़ी सहित मंडप खर्च हेतु नकद राशि भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला जोनल प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि संगठन अब वार्ड स्तर तक कर्मियों की नियुक्ति कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो। यह पहल लोगों को ठगी से भी बचाएगी।
इस दौरान झारखंड राज्य के निगरानी पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार उर्फ सुबोध सिंह ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि कुछ लोग संगठन के नाम पर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी योजना के लिए कोई नकद राशि किसी को न दें। यदि कोई डोनेशन देना हो, तो वह सीधे संगठन के आधिकारिक खाते में जमा किया जाए।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर झारखंड के सभी जिलों से जिला प्रभारी, जोनल प्रभारी, केंद्रीय जोनल प्रभारी, गिरिडीह जिला के पंचायत व प्रखंड प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

हमारा उद्देश्य जनता को विश्वसनीय और तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सूचित और सशक्त हो सकें।
“खबरें, जो आपकी आवाज़ बनें”