झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मंगलवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में अपना 52वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और जोश के साथ मनाया। इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक ढोल-मांदर की थाप पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनका जोशो-खरोश से अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं व समर्थकों का अभिवादन किया और ‘जोहार’ कहकर जनता को संबोधित किया।

जनसैलाब उमड़ा, चांदी का मुकुट पहनाकर किया गया सम्मानित
इस ऐतिहासिक समारोह में गिरिडीह और आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। झामुमो कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। स्थापना दिवस के अवसर पर केक काटकर जश्न मनाया गया।
इस भव्य आयोजन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक भी शामिल हुए। सभी ने झारखंड के विकास और झामुमो की मजबूती पर अपने विचार साझा किए।
राज्य को आत्मनिर्भर बनाने पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में झारखंड को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “हम सभी को मिलकर इस राज्य को अपने पैरों पर खड़ा करने का संकल्प लेना होगा। यदि हम मेहनत करें और कोई चुपचाप राज्य का धन लूटकर ले जाए, तो यह स्वीकार नहीं किया जा सकता। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि झारखंड विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़े। हमारी सरकार गरीबों और वंचितों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
कल्पना सोरेन ने जनता को कहा धन्यवाद
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भावुक होते हुए जनता को धन्यवाद दिया और पिछले वर्ष के संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा, “यह वही मंच है जहां एक साल पहले मैंने आंसुओं के साथ आप सबसे बात की थी। उस समय हमारे परिवार का अभिभावक नहीं था, लेकिन आप सभी ने हमारा साथ दिया। आज हेमंत सोरेन आपके बीच हैं, और झारखंड को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में जनता की सरकार ही चलेगी। राज्य में पर्यटन को नए आयाम देने की योजना बनाई जा रही है और जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।