JAC Jharkhand Board Result 2026: 10वीं-12वीं के नतीजे जल्द, जानें कब आएगा रिज़ल्ट…

Share This News

रांची: झारखंड में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल हुए लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। Jharkhand Academic Council (JAC) द्वारा मैट्रिक और इंटर के परिणाम जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार बोर्ड पिछले साल की तुलना में पहले नतीजे घोषित कर सकता है और 20 अप्रैल से पहले रिजल्ट आने की संभावना जताई जा रही है।

इस वर्ष झारखंड बोर्ड परीक्षा में कुल 7.48 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 4,23,821 छात्र मैट्रिक (10वीं) और 3,24,321 छात्र इंटर (12वीं) परीक्षा में शामिल हुए। इंटर में सबसे अधिक छात्र आर्ट्स स्ट्रीम से 2,12,557, जबकि साइंस से 90,579 और कॉमर्स से 21,195 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।

मैट्रिक परीक्षा में जिलावार आंकड़ों के अनुसार गिरिडीह जिले से सबसे अधिक 40,827 छात्र शामिल हुए, जबकि खूंटी जिले से सबसे कम 6,097 परीक्षार्थी रहे।

सूत्रों के मुताबिक, मूल्यांकन कार्य लगभग पूरा हो चुका है और रिजल्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिणाम की घोषणा रांची स्थित JAC कार्यालय से की जाएगी, जहां विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट jacresults.com और jac.jharkhand.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे। इसके लिए मैट्रिक के छात्रों को रोल नंबर और रोल कोड दर्ज करना होगा, जबकि इंटर के छात्रों को रोल नंबर, रोल कोड के साथ अपनी स्ट्रीम का चयन करना होगा।

फिलहाल, बोर्ड की ओर से रिजल्ट की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे ताजा अपडेट के लिए JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।