JAC Board 10th Result 2026: आधी रात को जारी हुआ मैट्रिक रिजल्ट? छात्रों के दावे से मचा हड़कंप, बोर्ड चुप

Share This News

रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है। कुछ छात्रों का दावा है कि 17 अप्रैल 2026 की देर रात 10वीं (मैट्रिक) परीक्षा का रिजल्ट अचानक जारी कर दिया गया था। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

बताया जा रहा है कि देर रात अचानक जैक बोर्ड की वेबसाइट पर मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट दिखने लगा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक किया और कई ने उसे डाउनलोड भी कर लिया। सोशल मीडिया पर भी रिजल्ट के स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद यह मामला और तूल पकड़ने लगा।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि जैक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर फिलहाल रिजल्ट जारी होने को लेकर कोई अपडेट मौजूद नहीं है। न ही बोर्ड ने इस संबंध में कोई नोटिस या प्रेस रिलीज जारी की है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि छात्रों द्वारा देखा गया रिजल्ट असली था या फिर तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा।

इस घटना के सामने आने के बाद बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। विशेष रूप से बोर्ड अध्यक्ष, सचिव, आईटी सेल और तकनीकी टीम की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अगर वाकई बिना किसी आधिकारिक घोषणा के रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड हुआ, तो यह एक गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर सकती हैं और इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है। वहीं, छात्र और अभिभावक अब बोर्ड से स्पष्ट जवाब की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल सभी की नजरें जैक बोर्ड के आधिकारिक बयान पर टिकी हैं, जिससे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। तब तक यह सवाल बना हुआ है कि क्या वाकई रिजल्ट जारी हुआ था या फिर यह सिर्फ एक तकनीकी चूक थी।