गिरिडीह केंद्रीय कारा में देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, डीसी-एसपी के नेतृत्व में सभी वार्डों की हुई सघन तलाशी

Share This News

गिरिडीह केंद्रीय कारा में शनिवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने स्वयं किया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को परखने, बंदियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की आशंका को समाप्त करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

 

छापेमारी अभियान के दौरान जेल के पुरुष बंदियों के सभी पांच ब्लॉक के लगभग 20 वार्डों की गहन तलाशी ली गई। इसके साथ ही महिला वार्ड की भी सघन जांच की गई। अधिकारियों ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के रहन-सहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। तलाशी अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड की बारीकी से जांच की गई ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या अवैध सामग्री की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

Advertisement

करीब डेढ़ सौ से अधिक पुलिस जवानों और लगभग 45 वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में चले इस अभियान के दौरान जेल परिसर को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में रखा गया। अधिकारियों की टीम ने वार्डों के अलावा जेल परिसर के अन्य संवेदनशील स्थानों की भी जांच की। हालांकि लंबे समय तक चले तलाशी अभियान के दौरान जेल के भीतर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।

Advertisement…

इस संयुक्त अभियान में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के अलावा एसडीएम श्रीकांत यशवंत विसपुते, दंडाधिकारी बिनोद सिंह, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान, बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेंद्र प्रसाद, मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत ताराटांड़, गांेय और अहिल्यापुर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

 

प्रशासन की ओर से बताया गया कि जेल में समय-समय पर इस प्रकार के विशेष तलाशी अभियान चलाए जाते हैं, ताकि जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जा सके और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Related Post