गिरिडीह जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी कार्यालय, गिरिडीह द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि कुछ बिचौलियों एवं दलालों द्वारा झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के नाम पर फर्जी प्रपत्र छापकर लाभुकों का तथाकथित “भौतिक सत्यापन” किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में धरातल पर मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत किसी प्रकार का आधिकारिक सत्यापन अभियान नहीं चलाया जा रहा है। यह भी जानकारी दी गई है कि इस संबंध में ऊपर स्तर से सभी जिलों को सतर्क रहने एवं लोगों को जागरूक करने का निर्देश प्राप्त हुआ है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति, बिचौलिये या दलाल के बहकावे में न आएं और बिना पुष्टि किसी को भी दस्तावेज, बैंक जानकारी या पैसे न दें।
साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने आम नागरिकों से कहा है कि यदि कोई व्यक्ति मंईयां सम्मान योजना के नाम पर घर-घर जाकर सत्यापन करने, फॉर्म भरवाने या पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित प्रखंड कार्यालय या जिला प्रशासन को दें।
यह सूचना आम जनता को जागरूक करने और फर्जीवाड़े से बचाने के उद्देश्य से जारी की गई है।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।