स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन, डीसी-एसपी ने किया अंतिम परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण….

Share This News

गिरिडीह: स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। गुरुवार को झंडा मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के लिए अंतिम परेड पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

 

पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल के महिला एवं पुरुष जवानों, गृह रक्षा वाहिनी के जवानों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं समेत अलग-अलग प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। परेड दलों ने अनुशासन, कदमताल और आपसी समन्वय के साथ अभ्यास किया। डीसी और एसपी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मुख्य मंच, परेड ग्राउंड, अतिथि दीर्घा और आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था के साथ पेयजल, बिजली, प्रकाश, साफ-सफाई, सजावट, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात, चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और समारोह स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

 

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान और गरिमा के साथ फहराने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने की अपील की।

 

वहीं, एसपी डॉ. बिमल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा वीआईपी और आम नागरिकों की आवाजाही के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी, परेड प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Related Post