महेशपुर और पाकुड़िया के 12 गांवों में महीनों से अंधेरा, ट्रांसफार्मर बदलने के लिए विधायक स्टीफन मरांडी ने लिखा पत्र

Share This News

साहिबगंज/महेशपुर: झारखंड विधानसभा की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति सह महेशपुर विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी ने क्षेत्र की बिजली समस्याओं को लेकर गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने साहिबगंज विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर महेशपुर और पाकुड़िया प्रखंड के विभिन्न गांवों में खराब या चोरी हुए ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द बदलने की मांग की है।

विधायक ने पत्र में बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों का भ्रमण करने के दौरान यह बात सामने आई है कि ट्रांसफार्मर जलने या चोरी होने के कारण ग्रामीण पिछले कई महीनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने अधिकारियों से इन गांवों में प्राथमिकता के आधार पर नए ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए यथाशीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

इन गांवों में बदले जाएंगे ट्रांसफार्मर:

पत्र में कुल 12 गांवों की सूची सौंपी गई है, जहां वर्तमान में लगे 10 KVA, 16 KVA और 25 KVA के ट्रांसफार्मर या तो जल गए हैं या चोरी हो गए हैं। इन सभी जगहों पर 25 KVA क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई है:

• डोमनगाड़िया पंचायत: मधुपुर गांव (चोरी)

• रोलाग्राम पंचायत: घाटचोरा गांव (जला हुआ)

• खजूरडांगा पंचायत: विशुनपुर बाद टोला (चोरी)

• बसंतपुर पंचायत: खांगाचुंआ प्रधान टोला (जला हुआ)

• मोंगलाबांध पंचायत: देवीडुबा माझी टोला (चोरी)

• गणपुरा पंचायत: दुमीबरमासिया प्रमाणिक टोला (चोरी)

• बासेतकुण्डी पंचायत: बासेतकुण्डी लातार टोला (चोरी)

• खाक्सा पंचायत: माटियाचुंआ झरला टोला (चोरी)

• सीतारामपुर पंचायत: सिन्दरी गांव (जला हुआ) और दांतयारपोखर गांव (चोरी)

• गाायबथान पंचायत: निझोर कमार टोला (जला हुआ) और निझोर चेतान टोला (चोरी)

विधायक स्टीफन मरांडी ने विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए इस मामले में अग्रतर कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए ताकि लोगों को इस भीषण समस्या से राहत मिल सके।