14 सूत्री जनहित की मांगों को लेकर गौतम सागर राणा के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को 39वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से आंदोलनकारियों में नाराजगी बनी हुई है। इसी के समर्थन में शनिवार शाम सैकड़ों महिला-पुरुषों ने प्रखंड मुख्यालय परिसर से मशाल जुलूस निकाला।
मशाल जुलूस प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर जमुआ बाजार के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए थाना मोड़ तक पहुंचा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने हाथों में मशाल लेकर जनहित की मांगों के समर्थन में नारे लगाए और प्रशासन से लंबित मांगों पर शीघ्र पहल करने की मांग की।
गौतम सागर राणा ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि प्रखंड क्षेत्र के आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी है। प्रशासन को जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए वार्ता के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए। मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
मशाल जुलूस में विश्वनाथ सिंह, शंकर यादव, योगेन्द्र कुमार गुप्ता, आलम अंसारी, रामप्रसाद हेंब्रम, हुलास यादव, सकलदेव चौधरी, इकबाल अंसारी, मुस्तकीम अंसारी, सोनियां देवी, गीता देवी, दुर्गी देवी, यशोदा देवी समेत जन संवाद झारखंड, रोजी-रोटी झारखंड एवं मजदूर मंच झारखंड के सैकड़ों महिला-पुरुष सदस्य शामिल हुए। जुलूस के दौरान जमुआ बाजार और थाना मोड़ क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।