गिरिडीह कोर्ट का कड़ा प्रहार: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दरिंदगी करने वाले को उम्रकैद, 80 हजार के जाली नोट के तस्कर को भी जेल…

Share This News

गिरिडीह। जिले में कानून का खौफ किस कदर अपराधियों पर भारी पड़ रहा है, इसकी बानगी गिरिडीह कोर्ट में देखने को मिली। पुलिस की ठोस जांच और अभियोजन की सटीक पैरवी के चलते अदालत ने दो अलग-अलग संगीन मामलों में दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया। पहले मामले में नाबालिग को धोखे में रखकर जिंदगी बर्बाद करने वाले दरिंदे को अदालत ने आखिरी सांस तक जेल में रहने (उम्रकैद) का फरमान सुनाया, वहीं दूसरे मामले में नकली नोटों का सिंडिकेट चलाने वाले तस्कर को 5 साल के सश्रम कारावास की सजा मुकर्रर की।

मामला 1: पहली शादी छिपाकर नाबालिग से रचाया ब्याह, कमरे में कैद कर नोचता रहा अस्मत

तिसरी थाना कांड संख्या 76/2025 का यह मामला इंसानियत को झकझोर देने वाला है। गावां थाना क्षेत्र के चिहुटिया निवासी नितेश यादव (पिता- ललो महतो) पहले से शादीशुदा था। उसने अपनी पहली शादी की बात छिपाई और एक नाबालिग लड़की को प्यार और शादी के झूठे जाल में फंसाकर अगवा कर लिया।

शादी का ढोंग रचने के बाद उसने पीड़िता को एक कमरे में बंधक बना लिया और लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार्जशीट दाखिल की और अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में 8 गवाह पेश कर दरिंदे के हर गुनाह को साबित किया।

  अदालत का फैसला:न्यायालय ने नितेश यादव को धारा 137 BNS, 64(2) BNS और 6 POCSO एक्ट के तहत दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास (उम्रकैद) की कठोर सजा सुनाई।

मामला 2: 500 की गड्डियों में जाली नोट खपाने निकला था सिराज, 11 साल पुराने केस में 5 साल की जेल

दूसरा मामला गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र (कांड संख्या 46/2015, ST No. 191/2015) से जुड़ा है। 5 दिसंबर 2015 की शाम करीब 4:45 बजे बड़ा चौक के पास से गांडेय थाना क्षेत्र के फुलजोरी निवासी सिराज अंसारी (पिता- इम्तियाज अंसारी) को पुलिस ने दबोचा था। तलाशी लेने पर उसके पास से 500-500 रुपये के 80 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे।

अदालत में मामले की अंतिम सुनवाई पूरी होने के बाद सिराज के खिलाफ आरोप पूरी तरह सिद्ध पाए गए।

 अदालत का फैसला: कोर्ट ने सिराज अंसारी को 489(B) IPC के तहत 5 वर्ष और 489(C) IPC के तहत 5 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई।

पुलिस और वकीलों की कड़ी मेहनत रंग लाई

गिरिडीह एसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस और अभियोजन के त्वरित एक्शन व पुख्ता सबूतों के चलते मामलों का ट्रायल तेजी से पूरा हुआ और दोषियों को उनके किए की सख्त सजा मिली।