गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। गिरिडीह की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सुदिव्य कुमार सोनू के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए रविवार को बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे।
दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरिडीह पहुंचे। उनके साथ गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम जोहार किया। इस दौरान दोनों भावुक नजर आए और उनकी आंखें छलक पड़ीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को झारखंड की राजनीति और झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने जनता के बीच रहकर लगातार काम किया और संगठन एवं सरकार की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाया।

वहीं, कल्पना सोरेन ने भी शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों स्तरों पर अपूरणीय क्षति बताया।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी गिरिडीह पहुंचे और दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देने उमड़ी भीड़ के बीच माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। हर चेहरे पर उदासी और आंखों में नमी नजर आई। गिरिडीह की सियासत में अपनी मजबूत पहचान छोड़ने वाले सुदिव्य कुमार सोनू की यादें लोगों के बीच लंबे समय तक बनी रहेंगी।