गिरिडीह: जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर गिरिडीह पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस केंद्र परिसर में आयोजित ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ कार्यक्रम के तहत 80 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। इन मोबाइलों को तकनीकी अनुसंधान, सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और अन्य माध्यमों की मदद से ट्रैक कर बरामद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक ने की। इस दौरान डीएसपी समेत जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन सौंपे।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 18 मोबाइल बरामद
मंगलवार को हुई बरामदगी में मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 18 मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं, टाउन, बेंगाबाद और मधुबन थाना क्षेत्र से छह-छह मोबाइल, जबकि बिरनी और धनवार से पांच-पांच मोबाइल बरामद हुए। देवरी थाना क्षेत्र से चार मोबाइल मिले।
इसके अलावा बगोदर, पीरटांड़ और भेलवाघाटी से तीन-तीन मोबाइल बरामद किए गए। पचंबा, गांडेय, हरलाडीह ओपी, सरिया, जमुआ, हीरोडीह, गावां और साइबर थाना क्षेत्र से दो-दो मोबाइल मिले। वहीं, अहिल्यापुर, निमियाघाट, परसन ओपी, तिसरी और लोकायनयनपुर से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया।
अब तक 1035 मोबाइल फोन लौटाए गए
गिरिडीह पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 से अक्टूबर 2026 तक चलाए गए इस अभियान के तहत अब तक कुल 1035 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।
बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:
– 24 सितंबर 2025: 113 मोबाइल
– 14 नवंबर 2025: 313 मोबाइल
– 29 जून 2026: 211 मोबाइल
– 25 जुलाई 2026: 101 मोबाइल
– 25 अगस्त 2026: 112 मोबाइल
– 25 सितंबर 2026: 105 मोबाइल
– 27 अक्टूबर 2026: 80 मोबाइल
इस तरह अभियान के तहत अब तक कुल 1035 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को सौंपे जा चुके हैं।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत शिकायत करने की अपील
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर बिना देरी किए नजदीकी थाने में सनहा दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करें, ताकि मोबाइल को ट्रैक करने और बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
गिरिडीह पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए इस तरह के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।