गिरिडीह के सभी मतदान केंद्रों पर 10 अक्टूबर को लगेगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप…

Share This News

गिरिडीह: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत शनिवार, 10 अक्टूबर को गिरिडीह जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप लगाया जाएगा। कैंप का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम-पता समेत अन्य विवरणों में सुधार कराने और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। कैंप में नागरिकों को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने तथा उनके निराकरण की प्रक्रिया में भी सहयोग मिलेगा।

 

इस दौरान BLO-BLA-2 की चौथी बैठक और निर्वाचन पाठशाला की चौथी बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठकों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, आवश्यक दस्तावेजों और क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली समस्याओं पर चर्चा होगी।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत करें।

 

प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और सूची में अपात्र नाम शामिल न हों।