जमुआ। खराब मौसम और हल्की बूंदाबांद के बीच शनिवार को जमुआ प्रखंड मुख्यालय के सभागार में पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने 500 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों के बीच पोषण किट का वितरण किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि स्वस्थ मां, सुपोषित बच्चे और नशामुक्त युवा ही एक मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं। युवाओं को नशे की लत से दूर रखकर उन्हें देश के विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने टीबी, कुपोषण और नशे जैसी सामाजिक चुनौतियों से निपटने के लिए आम लोगों से जागरूकता अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए सरकारी योजनाओं के साथ सामाजिक सहयोग भी आवश्यक है। मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने में समाजसेवियों एवं युवाओं से आगे आने का आग्रह किया।
वहीं, विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए महिलाओं को स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया।
खराब मौसम के कारण बदला गया कार्यक्रम स्थल
कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड परिसर स्थित पार्क में होना था, लेकिन बारिश की संभावना को देखते हुए अंतिम समय में इसे सभागार में स्थानांतरित कर दिया गया। इससे व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। करीब 400 लोगों की क्षमता वाले सभागार में लगभग एक हजार लोगों के पहुंचने से जगह की कमी हो गई और उपस्थित लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना कार्यालय के मुख्य सहायक बम शंकर उपाध्याय ने किया। मौके पर प्रखंड प्रमुख मिष्टू देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, भाजपा नेता विनय सिंह, सुनील अग्रवाल, महादेव दुबे, सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद यादव, बीडीओ अमल जी, सीओ नरेश वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।