झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड द्वारा निर्गत निर्देशों के आलोक में दिनांक 07 अगस्त 2026 को खंडोली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गिरिडीह में युवा मतदाता जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 18 वर्ष पूर्ण कर चुके अथवा 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थान परिसर में “आसान ECINET ऐप से मिलेगा ऑनलाइन समाधान”, “क्या आपके परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर है?” सहित मतदाता पंजीकरण, नाम जोड़ने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित विभिन्न बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। छात्र-छात्राओं ने स्वयं आकर्षक पोस्टर एवं स्लोगन तैयार किए तथा पूरे उत्साह के साथ रैली, जागरूकता गतिविधियों एवं संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों ने लोकतंत्र के इस महापर्व को जन-जागरूकता के उत्सव के रूप में मनाते हुए अधिकाधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य सह जिला शिक्षा पदाधिकारी, गिरिडीह, श्री विनय कुमार ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के योग्य नागरिकों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने खंडोली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी द्वारा आयोजित इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं समाज के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
यह कार्यक्रम सुश्री मिनू कुमारी, वरिष्ठ व्याख्याता
विद्युत अभियंत्रण विभाग) के मार्गदर्शन एवं देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी श्री शशि किशोर, वरिष्ठ व्याख्याता (यांत्रिक अभियंत्रण विभाग) ने विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम की सफलता में डॉ. शुक्ला रानी, संदीप कुमार, मिथुन कुमार, प्रदीप कुमार सिन्हा सहित संस्थान के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।
अंत में संस्थान प्रबंधन ने भारत निर्वाचन आयोग, झारखंड सरकार एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा संचालित युवा मतदाता जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए सभी पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।