Giridih/झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL प्रतियोगिता परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितता के मामले में CID ने गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई की है। जांच टीम ने जिले के धनवार क्षेत्र से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय कुमार, संजय कुमार और रामाकृष्ण कुमार सिंह के रूप में हुई है। CID के अनुसार, तीनों JSSC-CGL परीक्षा के अभ्यर्थी हैं और उन पर परीक्षा में अनुचित लाभ लेने का आरोप है। मामले में CID की जांच जारी है।
JSSC-CGL परीक्षा मामले में CID की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले भी जांच एजेंसी ने परीक्षा में कथित पेपर लीक, अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और परीक्षा से जुड़े कथित नेटवर्क के मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया है। 24 सितंबर तक सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, CID की जांच में गिरफ्तारियों की संख्या 33 तक पहुंच चुकी थी। इनमें अभ्यर्थियों के अलावा एजेंट और परीक्षा संचालन से जुड़े लोगों के नाम भी शामिल हैं।
गिरिडीह और आसपास के इलाकों से लगातार सामने आ रही गिरफ्तारियों के कारण जिले का नाम भी इस जांच में प्रमुखता से सामने आया है। CID अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के जरिए परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
मामले में आगे और गिरफ्तारियां या कार्रवाई होती है या नहीं, यह जांच के अगले चरण पर निर्भर करेगा।
मैं अभिमन्यु कुमार पिछले चार वर्षों से गिरिडीह व्यूज में बतौर “चीफ एडिटर” के रूप में कार्यरत हुं,आप मुझे नीचे दिए गए सोशल मीडिया के द्वारा संपर्क कर सकते हैं।