अलकापुरी-कृष्णानगर से 15 वर्षीय छात्र लापता, परिजनों ने पचम्बा थाना में दी सूचना

Share This News

गिरिडीह: पचम्बा थाना क्षेत्र के अलकापुरी-कृष्णानगर इलाके से 15 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पचम्बा थाना में आवेदन देकर पुलिस से उसकी तलाश कराने की गुहार लगाई है।

थाना में दिए आवेदन के अनुसार, सांवत कुमार वर्मा, पिता रविन्द्र महतो, मूल रूप से जमुआ थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गिरिडीह के अलकापुरी-कृष्णानगर में रहकर पढ़ाई करता था। बताया गया कि 2 अक्टूबर 2026 को करीब 11:30 बजे वह बिना किसी को बताए वाहन से कमरे से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

परिजनों और परिचितों ने संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों के अनुसार, छात्र का मोबाइल फोन भी घटना के बाद से बंद है।

लापता छात्र की उम्र करीब 15 वर्ष, लंबाई लगभग 5 फीट 5 इंच और रंग गेहुआं बताया गया है। वह लापता होने के समय जींस पैंट और टी-शर्ट पहने हुए था। परिजनों ने छात्र का फोटो और आधार कार्ड की प्रति भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।

छात्र के मामा रामदेव प्रसाद वर्मा ने पचम्बा थाना में आवेदन देकर पुलिस से छात्र की तलाश में सहयोग करने का अनुरोध किया है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि छात्र के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर 9631287859 या 9725141878 पर तत्काल सूचना दें।